गोरखनाथ खिचड़ी मेला: पुलिस ने कसी कमर, 2000 जवान तैनात, ड्रोन-सीसीटीवी से होगी निगरानी
गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक खिचड़ी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। डीआईजी/एसएसपी राज करन नय्यर ने पुलिस लाइन स्थित वाइट हाउस सभागार में उच्चाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की और सख्त दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी/एसएसपी ने कहा कि यह मेला पूर्वांचल का प्रमुख धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन है, जिसमें लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। सुरक्षा में किसी भी चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से निष्ठा और सतर्कता के साथ दायित्व निभाने का निर्देश दिया।
मेले के दौरान कुल लगभग 2000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसमें 8 सहायक पुलिस अधीक्षक, 20 क्षेत्राधिकारी, 50 निरीक्षक और 200 उप निरीक्षक शामिल होंगे। पीएसी, एलआईयू, होमगार्ड, एनसीसी और सिविल डिफेंस के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस रहेगा। मंदिर परिसर, मेले क्षेत्र, पार्किंग स्थल, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निरंतर निगरानी की जाएगी। आपात स्थिति के लिए त्वरित प्रतिक्रिया टीमें अलर्ट पर रहेंगी।
बैठक में एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र, एसपी साउथ दिनेश कुमार पूरी, एसपी मंदिर सुरक्षा संतोष कुमार, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अपने क्षेत्रों की सुरक्षा, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी।
डीआईजी/एसएसपी ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार हो, उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए। अफवाहों पर कड़ी नजर और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को मजबूत करने के भी आदेश दिए गए। उन्होंने विश्वास जताया कि समन्वय और पुलिस की मुस्तैदी से खिचड़ी मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सफल होगा।















