यूपी दिवस की तैयारियां जोरों पर: मंडलायुक्त सभागार में डीएम दीपक मीणा ने की समीक्षा बैठक

यूपी दिवस की तैयारियां जोरों पर: मंडलायुक्त सभागार में डीएम दीपक मीणा ने की समीक्षा बैठक

 

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश दिवस को भव्य, गरिमामय और प्रेरणादायक बनाने के लिए मंडलायुक्त सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि 24 जनवरी को मनाया जाने वाला यूपी दिवस राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक गौरव और विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने का निर्देश दिया।

बैठक में बताया गया कि 24 जनवरी 1950 को ‘संयुक्त प्रांत’ का नाम बदलकर ‘उत्तर प्रदेश’ किया गया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में 2018 से राज्य स्तर पर भव्य रूप से यूपी दिवस मनाया जा रहा है।

डीएम ने निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रम, विकास प्रदर्शनी, सूचना स्टॉल और विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रभावी प्रस्तुति की जाए। प्रदर्शनी के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, औद्योगिक प्रगति, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के कार्यों को आमजन तक पहुंचाया जाए।

‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’ जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों की चयन प्रक्रिया पारदर्शी रखने और सम्मान समारोह को गरिमामय बनाने पर भी जोर दिया गया। सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजन की अधिकतम सहभागिता बढ़ाने को कहा गया।

अंत में डीएम दीपक मीणा ने कहा कि यूपी दिवस प्रदेश की पहचान, आत्मगौरव और प्रगति की जीवंत झलक है। उन्होंने सभी से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य कर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में अपर आयुक्त अजय राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleखिचड़ी मेला: प्रशासन मुस्तैद, पुलिस लाइन में ड्यूटी बल की व्यापक ब्रीफिंग
Next articleगोरखनाथ खिचड़ी मेला: पुलिस ने कसी कमर, 2000 जवान तैनात, ड्रोन-सीसीटीवी से होगी निगरानी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here