क्रैक साइबर क्राइम अभियान का असर: खलीलाबाद पुलिस ने पीड़ित को पूरा 2 लाख रुपये लौटाया

क्रैक साइबर क्राइम अभियान का असर: खलीलाबाद पुलिस ने पीड़ित को पूरा 2 लाख रुपये लौटाया

 

संतकबीरनगर। एसपी संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चल रहे ‘क्रैक साइबर क्राइम अभियान’ के तहत खलीलाबाद कोतवाली थाने की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की। साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित को महज एक घंटे के अंदर पूरी फ्रॉड राशि लगभग 2 लाख रुपये शत-प्रतिशत वापस कराई गई।

पीड़ित रामअनुज मौर्य पुत्र श्रीराम मौर्य, निवासी जंगलऊन (थाना कोतवाली खलीलाबाद) ने बताया कि उनसे HDFC क्रेडिट कार्ड के जरिए 99,999 रुपये और 50,000 रुपये तथा UPI के माध्यम से 48,500 रुपये की ठगी हुई। शिकायत मिलते ही पीड़ित तुरंत साइबर हेल्प डेस्क पर पहुंचे। टीम ने फौरन कार्रवाई करते हुए क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करवाया और HDFC बैंक से 1,50,000 रुपये वापस प्राप्त करा दिए।

इसके साथ ही NCRP पोर्टल पर 48,500 रुपये की शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पोर्टल ने तुरंत इस राशि पर होल्ड लगा दिया। इस प्रभावी और त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को कुल 2 लाख रुपये की पूरी राशि वापस मिल गई। पीड़ित ने पुलिस की तेजी और समर्पण की जमकर तारीफ की।

इस सफलता में अहम भूमिका निभाई प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय, कम्प्यूटर ऑपरेटर रमापति, कांस्टेबल पवन, महिला कांस्टेबल शिवागी और रीता ने।

जनपदीय पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के लिंक, कॉल या मैसेज पर बैंक डिटेल्स, OTP, पासवर्ड या UPI पिन कभी न साझा करें। सावधानी ही सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है।

Previous articleचम्पा देवी पार्क में गोरखपुर महोत्सव का भव्य आगाज़, संस्कृति-पर्यटन की अनूठी झलक
Next articleपिपरौली में भव्य पशु आरोग्य मेला: 9570 पशुओं का नि:शुल्क परीक्षण, योगी सरकार की कल्याणकारी पहल की सराहना

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here