चम्पा देवी पार्क में गोरखपुर महोत्सव का भव्य आगाज़, संस्कृति-पर्यटन की अनूठी झलक

गोरखपुर। चम्पा देवी पार्क में गोरखपुर महोत्सव 2026 का शानदार और भव्य आगाज हो गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जय वीर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया, जिससे पूरा परिसर सांस्कृतिक उल्लास और उत्सव के रंगों से जगमगा उठा।
उद्घाटन समारोह में सदर सांसद रवि किशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ला, श्रीराम चौहान, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, एडीजी जोन मुथा अशोक जैन, डीआईजी एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी राज करन नय्यर, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, कलाकार और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस वर्ष महोत्सव में लोक संस्कृति के साथ विज्ञान प्रदर्शनी को विशेष महत्व दिया गया। स्कूली बच्चों द्वारा तैयार विज्ञान मॉडल और नवाचार लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। साथ ही स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और हस्तशिल्पियों के स्टॉल लगे, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम हैं।
मंत्री जय वीर सिंह ने कहा कि गोरखपुर तपोभूमि है, जिसकी गौरव गाथा देश-विदेश में फैली है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार हुए और 2025 के कुम्भ में 66 करोड़ श्रद्धालुओं की भागीदारी भारत की सांस्कृतिक शक्ति का प्रमाण है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए प्रशासन और समिति को बधाई दी।
आयोजक आनंद वर्धन ने बताया कि इस बार स्टॉलों की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे स्थानीय व्यापार और राजस्व में वृद्धि होगी। उद्घाटन पर एडी स्कूल की छात्राओं की सरस्वती वंदना और मथुरा की प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना गीतांजलि शर्मा की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।















