शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर डीएम हर्षिता माथुर ने सई नदी में किया दीपदान, किसान आंदोलन के शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
रायबरेली । शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने सई नदी के पवित्र तट पर दीपदान कर किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों को गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, पीडी डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार, अनिल कुमार मिश्रा (अध्यक्ष जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन) सहित अमित मिश्रा, शिव नारायण मिश्रा, अनूप कुमार मिश्रा, पी.के. शर्मा, जी.सी. सिंह चौहान, मोहम्मद उमर, पूनम तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सई नदी तट पर दीपदान के बाद जिलाधिकारी ने भारत माता मंदिर में माल्यार्पण किया और दीप प्रज्वलित कर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि सई नदी के तट पर अंग्रेजी शासन की अन्यायपूर्ण नीतियों के खिलाफ किसानों ने बड़ा आंदोलन किया था, जिसमें कई किसान शहीद हुए। यह आजादी हमारे पूर्वजों के अथक संघर्ष, बलिदान और त्याग के फलस्वरूप मिली है। हम सभी को इसकी कीमत समझनी चाहिए और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमें अपने पूर्वजों के बलिदानों का सम्मान करते हुए देशहित में योगदान देना चाहिए। शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाना चाहिए, बल्कि हमें प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि शहीद दिवस का मुख्य समारोह 7 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे शहीद स्मारक स्थल मुंशीगंज में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा अमर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाएंगे। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा तथा अन्य स्मृति कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।















