निर्वाचन आयोग के निर्देश पर डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने राजनीतिक दलों को सौंपी अद्यतन मतदाता सूची, दावे-आपत्तियों के लिए 6 जनवरी से 6 फरवरी तक समय
बस्ती (ब्यूरो)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अद्यतन आलेख्य मतदाता सूची को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कलेक्ट्रेट सभागार में उपलब्ध करा दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को राजनीतिक दलों के समक्ष रखने का मुख्य उद्देश्य यह है कि दल इसकी बारीकी से जांच कर सकें। यदि किसी मतदाता के नाम में त्रुटि, विलोपन की आवश्यकता, संशोधन या कोई अन्य आपत्ति हो तो निर्धारित समय-सीमा में दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 (शुक्रवार) तक रहेगी। इसके बाद नोटिस चरण, सुनवाई, सत्यापन, गणना प्रपत्रों पर निर्णय तथा दावे-आपत्तियों का निस्तारण 6 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक चलेगा। स्वास्थ्य मापदंडों की जांच और अंतिम प्रकाशन के लिए आयोग की अनुमति 3 मार्च 2026 (मंगलवार) तथा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 6 मार्च 2026 (शुक्रवार) को निर्धारित है।
उल्लेखनीय है कि जनपद में कुल 19,00,430 मतदाताओं के गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे। इनमें से 16,02,143 मतदाताओं के गणना प्रपत्र डिजिटाइज्ड हो चुके हैं। इनमें 6,73,060 मतदाता (35.42 प्रतिशत) सेल्फ कैटेगरी में, 8,17,411 मतदाता (43.01 प्रतिशत) प्रोजेनी में तथा 1,49,047 मतदाता 2003 की मतदाता सूची से मैप किए गए हैं। वहीं 1,13,363 मतदाता (5.86 प्रतिशत) 2003 की सूची से मैप नहीं हो सके, जिन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।
19,00,430 मतदाताओं में से 2,98,287 (15.70 प्रतिशत) मतदाताओं को अनक्लेमेबल श्रेणी में रखा गया है। इसमें डेथ कैटेगरी में 57,467 (3.02 प्रतिशत), अनट्रेसेबल 57,404 (2.86 प्रतिशत), स्थायी रूप से स्थानांतरित 1,48,055 (7.79 प्रतिशत), पहले से नामांकित 37,277 (1.96 प्रतिशत) तथा अन्य 1,084 (0.06 प्रतिशत) मतदाता शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे मतदाता सूची का अवलोकन कर शीघ्र दावे-आपत्तियां दर्ज कराएं ताकि अंतिम प्रकाशन से पहले सभी त्रुटियां दूर हो सकें। इससे लोकतंत्र की प्रक्रिया मजबूत होगी और मतदाता सूची अधिक विश्वसनीय बनेगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, उप जिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुभाष सिंह तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
यह प्रक्रिया जनपद बस्ती में स्वच्छ, पारदर्शी और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी योग्य मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे और कोई गलत नाम सूची में शामिल न हो।















