डकैती की साजिश नाकाम, दो शातिर गिरफ्तार
गोरखपुर। गोरखपुर पुलिस ने अपराध पर अंकुश लगाने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। डकैती की योजना बनाते दो खतरनाक अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तों की पहचान राजवीर यादव उर्फ मटेलू (पुत्र स्व. धर्मवीर यादव) और रामभजन यादव(पुत्र स्व. फेकू यादव) के रूप में हुई है। दोनों हरसेवकपुर नंबर-2, टोला दहला, थाना गुलरिहा के निवासी हैं।
26 अक्टूबर को थाना एम्स क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति जानवरों को जबरन लादने की कोशिश कर रहे थे। स्थानीय लोगों के विरोध पर वे फरार हो गए। इस पर मुकदमा संख्या 446/2025, धारा 310(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज हुआ।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित छापेमारी की और दोनों को पकड़ा। उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए। अब 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पूछताछ जारी है, अन्य साथियों की तलाश तेज। यह कार्रवाई क्षेत्र में सुरक्षा का मजबूत संदेश देती है। गोरखपुर पुलिस का अपराध नियंत्रण अभियान निरंतर जारी रहेगा।















