डीएम दीपक मीणा का सख्त निर्देश, केवल लाइसेंस प्राप्त अस्पताल ही होंगे संचालित
सीएमओ को लाइसेंसधारी अस्पतालों की सूची जारी करने का आदेश
विकास भवन सभागार में हुई समीक्षा बैठक
गोरखपुर।जिलाधिकारी (डीएम) दीपक मीणा ने विकास भवन सभागार में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को सख्त निर्देश दिए कि गोरखपुर जनपद में केवल वही अस्पताल संचालित हों, जिन्हें लाइसेंस जारी किया गया है। उन्होंने सीएमओ डॉ. राजेश झा को निर्देश दिया कि लाइसेंस प्राप्त अस्पतालों की सूची तत्काल जारी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि जनपद में बिना लाइसेंस वाला कोई भी अस्पताल संचालित न हो।
डीएम ने कहा कि अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि जनता को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शाश्वत त्रिपुरारी, डीएफओ विकास यादव, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, सीएमओ डॉ. राजेश झा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















