मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 5 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण
डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक
1700 का लक्ष्य, 1392 आवेदन ऑनलाइन प्रेषित
21-40 वर्ष के युवाओं के लिए कोलेटरल गारंटी मुक्त योजना
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी (डीएम) आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के क्रियान्वयन, संचालन और अनुश्रवण के लिए गठित डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट और जिला बैंक समन्वयक की बैठक हुई। इस दौरान युवा उद्यमियों को 5 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त और कोलेटरल गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराने की योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा ने बताया कि योजना के प्रथम चरण में 5 लाख तक की परियोजनाओं के लिए चार वर्षों तक 100% ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा। पूर्वांचल क्षेत्र के आवेदकों को परियोजना लागत का 10% स्वयं का अंशदान बैंक में जमा करना होगा, जो ऋण के साथ मुक्त होगा। पात्रता के लिए आवेदक की आयु 21 से 40 वर्ष, न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा 8 उत्तीर्ण और कौशल प्रशिक्षण अनिवार्य है।
आवेदन केवल ऑनलाइन विभागीय पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं। मिशन निदेशक, लखनऊ ने जनपद के लिए 1700 आवेदनों का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके सापेक्ष अब तक 1392 आवेदन विभिन्न बैंकों को ऑनलाइन प्रेषित किए गए हैं। डीएम ने बैंकों और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निस्तारण और लक्ष्य पूर्ति के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
यह योजना युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।















