रेलवे में नौकरी पाकर सिपाही ने छोड़ी वर्दी, एसपी को सौंपा त्यागपत्र।

 रेलवे में नौकरी पाकर सिपाही ने छोड़ी वर्दी, एसपी को सौंपा त्यागपत्र।

 

संतकबीरनगर: रेलवे में ग्रुप डी टेक्निशियन पद पर चयन के बाद सिपाही सिकंदर कुमार ने यूपी पुलिस की नौकरी छोड़ने का फैसला किया। 28 वर्षीय सिकंदर, जो बिहार के रोहतास के रहने वाले हैं, ने एसपी संदीप कुमार मीना को प्रार्थना पत्र सौंपकर त्यागपत्र स्वीकार करने की मांग की। जांच और सीओ लाइन की संस्तुति के बाद एसपी ने उनका इस्तीफा स्वीकृत कर लिया। अब सिकंदर पटना में रेलवे टेक्निशियन पद पर जॉइन करने की तैयारी में हैं।

 

सिकंदर 2019 में यूपी पुलिस में सिपाही बने थे और 2020 से संतकबीरनगर में तैनात थे। वर्तमान में वे पुलिस लाइंस की कैंटीन में कार्यरत थे। सिकंदर ने बताया कि पुलिस में प्रमोशन में देरी, सुविधाओं की कमी और परिवार को समय न दे पाने की मजबूरी ने उन्हें नौकरी छोड़ने को प्रेरित किया। साथ ही, छुट्टियों के लिए भी परेशानी होती थी। इसीलिए उन्होंने पुलिस की नौकरी के साथ-साथ रेलवे की परीक्षा की तैयारी जारी रखी। 2024 में रेलवे टेक्निशियन पद के लिए आवेदन किया और मेहनत से परीक्षा पास कर चयनित हुए। 

 

एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि सिकंदर सहित जेटीसी प्रशिक्षण के दौरान तीन रिक्रूट्स और एक अन्य आरक्षी ने भी निजी कारणों से त्यागपत्र दिए। सभी की जांच के बाद इस्तीफे स्वीकार किए गए, इस शर्त के साथ कि भविष्य में कोई दावा नहीं किया जाएगा। सिकंदर अब अपने घर के पास रेलवे में नई शुरुआत के लिए उत्साहित हैं। 

Previous articleबाइक लूट की झूठी सूचना से पुलिस सतर्क, जांच में खुला सच
Next articleसावन के बाद गोरखपुर में नॉनवेज का उत्साह, एक दिन में 1600 से अधिक क्विंटल की रिकॉर्ड तोड़ खपत।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here