बिना अनुमति मुंबई जाने पर दरोगा और सिपाही निलंबित
गोरखपुर। राजस्थान के युवक से लूट और तमंचा रखने के आरोप में जेल भेजने की धमकी के मामले में नौसड़ चौकी इंचार्ज शुभम श्रीवास्तव के बाद अब दरोगा आंचल राणा और सिपाही प्रवीण यादव को भी निलंबित कर दिया गया है। तीनों पर बिना अनुमति मुंबई जाने और लूटकांड में संलिप्तता का संदेह है। एसएसपी राजकरन नय्यर ने विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
5 अगस्त को बेलीपार क्षेत्र के पिछौरा निवासी रवि शंकर, जो राजस्थान में काम करता है, को कार सवारों ने अगवा कर 90 हजार रुपये लूट लिए। आरोप है कि अगले दिन बदमाशों ने चार लाख रुपये की मांग की। खुद को क्राइम ब्रांच बताते हुए लुटेरों ने वारदात को सीसीटीवी से बचाया। पीड़ित ने शिकायत पर राजघाट थाने में केस दर्ज कराया। घटना के बाद तीनों पुलिसकर्मियों के मोबाइल बंद मिले, और जांच में पता चला कि उन्होंने किशोरी बरामदगी का बहाना बनाकर बिना अनुमति मुंबई गए थे।
पीड़ित ने रविवार को बयान दर्ज कराया कि उसे सराफा दुकान तक ले जाया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, और अन्य सबूत जुटा रही है। एसएसपी ने कहा, “दोषी साबित होने पर सख्त कार्रवाई होगी।”















