साइबर अपराध पर प्रहार: तिवारीपुर पुलिस ने छात्राओं को किया जागरूक।
गोरखपुर। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए तिवारीपुर थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा के नेतृत्व में 6 अगस्त 2025 को महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, रामदत्तपुर में एक जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। एसएसपी राजकरन नैयर के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर ठगी, ब्लैकमेलिंग और डिजिटल खतरों से बचाव के बारे में बताया गया।
उप निरीक्षक धर्मेंद्र यादव, प्रगति यादव, महिला आरक्षी श्वेता सिंह, पूजा कुमारी और आरक्षी ललित कुमार ने छात्राओं को साइबर अपराधों की बारीकियां समझाईं। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते हैं। छात्राओं को सलाह दी गई कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती से बचें, क्योंकि इससे गोपनीय जानकारी लीक हो सकती है, जिसका इस्तेमाल देश विरोधी गतिविधियों में हो सकता है।
थाना प्रभारी ने कहा, “जागरूक और सतर्क नागरिक ही साइबर अपराधों को रोक सकता है।” छात्राओं से अपील की गई कि वे संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना दें। इस संगोष्ठी ने छात्राओं में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे वे साइबर दुनिया में सुरक्षित रह सकें।















