डीएम का काशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में निरीक्षण, जीर्णोद्धार कार्य में तेजी लाने के निर्देश
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मंगलवार को मा. काशीराम जी स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे जीर्णोद्धार और निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदाई संस्था पीडब्ल्यूडी और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य जल्द पूरा कर स्टेडियम को खेल और प्रतियोगिताओं के लिए हैंडोवर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि खेल मैदान में कुछ स्थानों पर जलभराव, मिट्टी का असमान स्तर और घास की खराब स्थिति जैसी कमियां हैं। उन्होंने इन्हें तत्काल ठीक करने का आदेश दिया। क्रिकेट पिच के सामने रनिंग के लिए मिट्टी डालने और बास्केटबॉल कोर्ट की कमियों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। बैडमिंटन हॉल का जीर्णोद्धार कार्य संतोषजनक पाया गया, लेकिन एडवांस जिम हॉल के निर्माण में देरी पर नाराजगी जताते हुए कार्य शुरू करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्प्रिंकलर सिस्टम के लिए एस्टीमेट तैयार करने और पवेलियन तक सीसी इंटरलॉकिंग रोड के लिए आकलन जमा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदाई संस्था को गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा कर जल्द हस्तांतरण प्रक्रिया शुरू करने को कहा, ताकि खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और फिटनेस के लिए स्टेडियम शीघ्र उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण में जिला खेल अधिकारी अभिज्ञान मालवीय, ओएसडी राकेश कुमार, कार्यदाई संस्था के अधिकारी और कृष्णा गुप्ता मौजूद रहे।















