डीएम आलोक कुमार और एसपी संदीप कुमार मीना ने तामेश्वरनाथ धाम में कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर।
संतकबीरनगर। सोमवार श्रावण मास के पवित्र अवसर पर कांवड़ यात्रा की भव्य शुरुआत के मद्देनजर जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने आज तामेश्वरनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस पौराणिक धाम में शिव भक्तों द्वारा जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए दोनों अधिकारियों ने धाम परिसर में पूजा-अर्चना की और फिर व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा शुरू की। निरीक्षण के दौरान DM और SP ने श्रद्धालुओं के आवागमन, साफ-सफाई, बैरिकेटिंग, और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने मेला परिसर का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों के मार्गों पर सतर्कता और निगरानी बढ़ाने, साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। DM ने कहा, “अगर किसी कांवड़ यात्री या श्रद्धालु की तबीयत खराब होती है या कोई अप्रिय घटना होती है, तो तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराएं।”
शालीनता और सहयोग के साथ यात्रियों की मदद करने, यातायात डायवर्जन प्लान को कड़ाई से लागू करने, और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के आदेश भी दिए गए। जलाभिषेक के लिए लगने वाली लाइनों की बैरिकेटिंग और रुट डायवर्जन की व्यवस्था की भी जांच की गई। अधिकारियों ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की, साथ ही भगवान शिव का जलाभिषेक शांतिपूर्वक करने का आह्वान किया। DM ने मेला स्थल के आसपास अग्निशमन दल, वालंटियर्स, और खोया-पाया कैंप जैसी सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रशासनिक और सुरक्षा कर्मियों को संवेदनशील और सतर्क रहने को कहा। मंदिर पंडाल, पोखरा और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंधन का भी निरीक्षण हुआ, ताकि पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के दौरान शिव भक्तों को कोई असुविधा न हो। इस दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के लिए तैनात अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।















