सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन।
संतकबीरनगर। धनघटा, मेंहदावल और खलीलाबाद तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। धनघटा में विधायक गणेश चन्द्र चौहान और जिलाधिकारी आलोक कुमार, मेंहदावल में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जय प्रकाश, तथा खलीलाबाद में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने अध्यक्षता की। इस दौरान जनसामान्य की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
धनघटा में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को एक-एक कर सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में समाधान के लिए निर्देशित किया। विधायक ने कहा कि शासन फरियादियों की संतुष्टि और त्वरित निस्तारण के प्रति संवेदनशील है, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मेंहदावल में अपर जिलाधिकारी ने स्थलीय जांच और दोनों पक्षों की बात सुनकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। खलीलाबाद में मुख्य विकास अधिकारी ने भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण और वरासत जैसे मामलों में मौके पर जांच कर नियमानुसार समाधान के निर्देश दिए।
तीनों तहसीलों में कुल 159 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया। धनघटा में 47 प्रार्थना पत्रों में से 3, मेंहदावल में 66 में से 8, और खलीलाबाद में 46 में से 4 का तत्काल समाधान हुआ। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपकर एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने की, जिन्होंने थानाध्यक्षों को मौके पर जाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि बार-बार एक ही शिकायत आने या समय पर कार्रवाई न होने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कन्नौजिया, जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी डॉ. सुनील कुमार (धनघटा), संजीव राय (मेंहदावल), अरुण कुमार (खलीलाबाद), तहसीलदार राम जी, अल्पिका वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय सिंह सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।















