अवैध गांजा तस्करी का एक और तार पकड़ में, राजघाट पुलिस ने दबोचा तस्कर।
गोरखपुर। नशे का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा, लेकिन गोरखपुर पुलिस इस जहर के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। शुक्रवार, 18 जुलाई 2025 की रात शासन के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नैयर के मार्गदर्शन में राजघाट थाना प्रभारी सदानंद सिन्हा के नेतृत्व में स्वाट टीम और एसओजी ने एक बड़े तस्कर को दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्त धर्मवीर कुमार (पुत्र भागेलु निषाद, निवासी मंझरिया बिसटैल बड़गो, थाना राजघाट) के पास से करीब 12 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत तकरीबन 3 लाख रुपये है।
जांच में सामने आया कि धर्मवीर एक स्लीपर सेल के रूप में काम कर रहा था और गांजा सप्लाई के बदले उसे 6000 रुपये मिलते थे। पुलिस ने तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस अब गिरोह के मुख्य सरगना और पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है, जो जल्द ही इस काले धंधे पर लगाम कस सकता है।
इस सफलता में राजघाट थाना प्रभारी सदानंद सिन्हा, स्वाट टीम प्रभारी मनीष यादव, एसओजी प्रभारी सूरज सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक जयप्रकाश सिंह, उप निरीक्षक राज मंगल सिंह, हेड कांस्टेबल अरुण खरवार, करुणा तिवारी, अरुण यादव, कय्यूम मलिक, हरेंद्र सिंह, कांस्टेबल रवि चौधरी, प्रियांशु राय, गणेश पांडे, राजेंद्र गौड़, सुनील कुमार यादव और सोनू प्रसाद की अहम भूमिका रही।















