स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में चौथा स्थान, प्रदेश में प्रथम, 5-स्टार GFC रेटिंग।
गोरखपुर। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में गोरखपुर नगर निगम ने 3-10 लाख जनसंख्या श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर चौथा और प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। शहर ने 12,500 में से 11,278 अंक (90.22%) प्राप्त किए, जो पिछले वर्ष के 6,403.70 अंकों (67.40%) से 4,875 अंकों की उल्लेखनीय बढ़त दर्शाता है। राष्ट्रीय रैंकिंग में गोरखपुर 74वें से चौथे स्थान पर पहुंचा, यानी 70 रैंक का सुधार, जबकि प्रदेश में 9वें से प्रथम स्थान पर आया।
गोरखपुर ने तीन बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं:
गारबेज फ्री सिटी (GFC) 2023 की 3-स्टार रेटिंग से उछलकर 5-स्टार रेटिंग प्राप्त की, जो ठोस कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी में सुधार का प्रमाण है।
वॉटर प्लस सिटी: अपशिष्ट जल के सुरक्षित निस्तारण और राष्ट्रीय मानकों के पालन के लिए यह प्रमाणन मिला।
सफाईमित्र सुरक्षित शहर: देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त, जो सफाई कर्मियों की सुरक्षा, गरिमा और बेहतर कार्य परिस्थितियों के लिए मुख्यमंत्री के दिशानिर्देशों पर उठाए गए कदमों का परिणाम है।
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए गोरखपुरवासियों, पार्षदों और नगर निगम टीम को बधाई दी। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि कचरा प्रोसेसिंग प्लांट्स की स्थापना से भविष्य में और बेहतर रैंकिंग की उम्मीद है। उन्होंने नागरिकों से “अपना कूड़ा, अपनी जिम्मेदारी” अपनाकर गोरखपुर को स्वच्छ महानगर बनाने में योगदान देने की अपील की।















