गाली-गलौज वाली रील्स पर पुलिस की सख्ती, अकाउंट बंद करने की कार्रवाई शुरू।
गोरखपुर। इंटरनेट मीडिया पर गाली-गलौज और अश्लीलता फैलाने वाली रील्स अब पुलिस के निशाने पर हैं। डीआइजी रेंज डॉ. एस. चनप्पा ने गोरखपुर सहित पूरी रेंज में ऐसे अकाउंट्स की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जल्द ही इन अकाउंट्स को बंद करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
डीआइजी ने साइबर थाना और साइबर सेल को निर्देश दिया है कि गाली-गलौज या अभद्र भाषा वाले कंटेंट को तुरंत चिह्नित कर आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाए। ऐसी सामग्री युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डालती है और सामाजिक अशांति का कारण बनती है। हाल ही में संभल जिले में तीन युवतियों को गाली-गलौज वाली रील्स बनाने और प्रसारित करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जिसके बाद गोरखपुर रेंज की पुलिस भी सतर्क हो गई है।
साइबर सेल और थानों को ऐसे अकाउंट्स को ट्रैक करने की जिम्मेदारी दी गई है। चिह्नित अकाउंट्स के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को अकाउंट बंद करने के लिए पत्र लिखा जाएगा। डीआइजी ने कहा कि इस प्रवृत्ति पर अंकुश के लिए कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है। फॉलोअर्स और लाइक्स की होड़ में ऐसी रील्स बनाने वालों पर अब सख्त नजर रखी जाएगी।















