कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा, मण्डलायुक्त और डीआईजी ने किया भदेश्वरनाथ मंदिर का दौरा
बस्ती। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मण्डलायुक्त बस्ती अखिलेश सिंह और पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती संजीव त्यागी ने शनिवार को जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सहित अन्य अधिकारियों के साथ भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर का दौरा किया। इस दौरान कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निदेश दिए गए।अधिकारियों ने मंदिर से अयोध्या बॉर्डर तक कांवड़ यात्रा मार्ग का बस से निरीक्षण किया। मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख स्थलों, विश्राम स्थलों, जलापूर्ति केंद्रों, चिकित्सा सहायता बिंदुओं, सुरक्षा चेक पोस्ट और यातायात व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन किया गया। संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर शेष कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।















