डीआईजी ने की अपराध समीक्षा, सख्त निर्देश जारी
बस्ती
बस्ती में मंगलवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) दिनेश कुमार पी. ने सिद्धार्थनगर पुलिस लाइन सभागार में बस्ती परिक्षेत्र के जनपदों के एसपी के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी की। डीआईजी ने अपराध नियंत्रण और विवेचना निस्तारण के लिए 25 बिंदुओं पर सख्त निर्देश जारी किए।
डीआईजी ने हत्या, दहेज हत्या, अपहरण और गंभीर चोट के मामलों में त्वरित विवेचना, अभियुक्तों की गिरफ्तारी और प्रभावी पैरवी कर सजा सुनिश्चित करने को कहा। लूट, डकैती, चोरी और वाहन चोरी में तत्काल अभियोग पंजीकरण, संपत्ति बरामदगी और निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला संबंधी अपराधों, जैसे बलात्कार, शीलभंग, अपहरण और पॉक्सो मामलों में शत-प्रतिशत गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई पर जोर दिया। पेंडिंग विवेचनाओं और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का आदेश हुआ।
पुलिस लाइन में प्रस्तावित आरक्षियों की जेटीसी और आरटीसी ट्रेनिंग के लिए आवास, शौचालय, पानी, बिजली जैसी सुविधाओं की समीक्षा कर कमियों को दूर करने को कहा गया। एससी/एसटी अधिनियम, रासुका, गुंडा अधिनियम और गिरोहबंद अधिनियम के तहत कार्रवाई, गोवध निवारण और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। अवैध शराब के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई का आदेश हुआ।
डीआईजी ने ऑपरेशन त्रिनेत्र/दृष्टि के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाने, साइबर अपराध रोकने के लिए डिजिटल वॉलंटियर्स बनाने और ई-साक्ष्य ऐप पर साक्ष्य अपलोड करने को कहा। एनसीसीआरपी, आईजीआरएस और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर शिकायतों का शीघ्र निस्तारण, हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन और बीट व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। पिंक बूथ और परिवार परामर्श केंद्रों में संसाधन जुटाने, महिला उत्पीड़न की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने को कहा गया।
आगामी त्योहारों अक्षय तृतीया, महाराणा प्रताप जयंती, बुद्ध पूर्णिमा और बकरीद को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश हुआ। गोष्ठी में एसपी संतकबीरनगर सत्यजीत गुप्ता, एसपी सिद्धार्थनगर अभिषेक महाजन, एसपी बस्ती अभिनंदन और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















