घर से 300 मीटर दूर पेड़ से लटक कर युवक ने दे दी जान। -घटना से पीड़ित परिजन अवाक,आत्म हत्या की वजह का पता नहीं -चार भाइयों में सबसे छोटा था राम बहाल -पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भेजा

घर से 300 मीटर दूर पेड़ से लटक कर युवक ने दे दी जान।
-घटना से पीड़ित परिजन अवाक,आत्म हत्या की वजह का पता नहीं
-चार भाइयों में सबसे छोटा था राम बहाल
-पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भेजा
————————————————
संत कबीर नगर।

बखिरा थाना क्षेत्र के खुरजहना में मंगलवार की सुबह घर से 300 मीटर की दूरी पर नीम के पेड़ से साड़ी के सहारे लटक कर युवक ने जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर आस-पास के लोगों के साथ परिजन मौके पर पहुंच गए। पीड़ित परिजन बेटे के आत्मघाती कदम उठाने की वजह नहीं बता पाए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
खुरजहना गांव निवासी राम बहाल निषाद (18) पुत्र स्वर्गीय गणेश निषाद सोमवार की रात भोजन करके घर पर सोए थे। मंगलवार की भोर में घर से 300 मीटर की दूरी पर नीम के पेड़ में साड़ी के सहारे राम बहाल की लटकती लाश देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया। शोर सुनकर काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए। पीड़ित परिजन लटकता शव देखकर दहाड़ मार कर रोने लगे। पीड़ित बड़े भाई सुरेंद्र निषाद ने बताया कि चार भाइयों में राम बहाल सबसे छोटा था। उसकी एक बहन भी है। छोटा भाई मजदूरी करके परिवार के खर्च में सहयोग करता था। भाई ने आखिर क्यों आत्मघाती कदम उठा लिया, समझ में नहीं आ रहा है। बेटे की मौत से मां मैना देवी का रो- रो कर बुरा हाल था। पोस्टमार्टम हाउस आए ग्रामीणों ने बताया कि राम बहाल अविवाहित था। चार भाइयों में सिर्फ बड़े भाई सुरेंद्र निषाद की शादी हुई है। राम बहाल मिलनसार था। उसकी मौत से पूरा गांव गमगीन था। एसओ श्याम मोहन ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच पड़ताल में आत्म हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी।

Previous articleमारपीट और हवाई फायरिंग मामले के दो नामजद आरोपी गिरफ्तार।
Next articleजूडो और ताइक्वांडो प्रतियोगिता में खिलाडियों ने दिखाया दम।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here