मुखलिसपुर अंडरपास अप्रोच की खत्म हुई बाधा, निर्माण में आई तेजी।
सदर विधायक अंकुर तिवारी ने मुखलिसपुर अंडरपास संघर्ष समिति, राजस्व विभाग और रेलवे के अधिकारियों के साथ की बातचीत
अंडरपास संघर्ष समिति ने निर्माणाधीन अप्रोच की चौड़ाई को लेकर जताई थी आपत्ति
संतकबीरनगर।मुखलिसपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बन रहे अंडरपास अप्रोच की बाधा अब खत्म हो गई है । सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने अंडरपास संघर्ष समिति , राजस्व विभाग खलीलाबाद और रेलवे के अधिकारियों के साथ बातचीत कर समस्या का निस्तारण किया है। वहीं, इनकी सहमति से अब अप्रोच निर्माण कार्य में तेजी आ गई है।
एसडीएम शैलेश दूबे ने बताया कि अंडरपास अप्रोच निर्माण के लिए रेलवे ने पूर्व में नपाई-जोखाई कराई थी। रेलवे ने अपनी ही जमीन में अंडरग्राउंड नाली बनवाया था। उसी नाली पर ह्यूम पाइप डाल कर सीमेंटेड चद्दर से ढकवा दिया है। रेलवे ने जहां से नाला बना है,वहीं से अंडरपास का अप्रोच निर्माण शुरू किया। इधर अंडर पास संघर्ष समिति के लोगों ने समस्या उठाई कि जो अंडरपास अप्रोच बनाया जा रहा है,उसकी चौड़ाई कम है। पूर्व में बने नाले को तोड़वाकर चौड़ाई बढ़ाई जाए। रेलवे के एक्सईएन ने नक्शा दिखाया और बताया कि नाले का निर्माण बिल्कुल सही है। यदि नाला हटाया तो जो शहर का पानी अंडरपास अप्रोच में भरेगा और बड़ी समस्या होगी। इसलिए नाली नहीं हटाई जा सकती है। इसी तरह अंडरपास संघर्ष समिति के लोगों ने बताया कि आगे से अप्रोच जहां से मुड़ रहा है,वहां चौड़ाई कम है। जिसकी वजह से बड़ी गाड़ियों के मुड़ने में दिक्कत होगी। पूर्वोत्तर रेलवे के एक्सईएन ने बताया कि नौ-दस मीटर चौड़ाई ली गई है। बड़ी गाड़ियों के मुड़ने में कोई समस्या नहीं होगी। जो नाला बना है,उसी के तीन-चार फिट आगे से काम कराया जाएगा। विधायक सदर अंकुरराज तिवारी और संघर्ष समिति के लोगों ने बातचीत की। उसके बाद सभी सहमत हो गए। अब रेलवे प्रशासन तेजी के साथ अंडरपास अप्रोच का निर्माण कार्य कराएगा ।















