इलाज में लापरवाही से वृद्धा की मौत होने का आरोप मढ़ कर परिजनों ने किया हंगामा।
-महुली क्षेत्र की रहने वाली वृद्धा के पैर में थी समस्या
-परिजनों का आरोप जिला अस्पताल में डॉक्टर ने लगवा दिया छह इंजेक्शन
-पीड़ित परिजन शव उठा ले गए घर, डिप्टी सीएम समेत अन्य अधिकारियों से करेंगे शिकायत
———————————————————————–
संतकबीरनगर
जिला अस्पताल में रविवार को एक वृद्धा की मौत हो गई। पीड़ित परिजनों ने जिला अस्पताल के एक डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने की वजह से वृद्धा की मौत होने का आरोप मढ़ते हुए हंगामा किया। पीड़ित परिजन मामले की शिकायत डिप्टी सीएम, डीएम, सीएमओ और सीएमएस से करेंगे। बाद में परिजन शव को घर उठा ले गए।
महुली क्षेत्र के ओन बिलाई उर्फ ओनिया गांव निवासी दिलीप यादव पुत्र रामधारी का आरोप है कि रविवार की सुबह 5:10 बजे अपनी 60 वर्षीय मां पानमती देवी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। उसकी मां के पैर में दर्द हो रहा था। आरोप है कि जिला अस्पताल के एक डॉक्टर की देखरेख में उसकी मां को रखा गया। डॉक्टर ने एक इंजेक्शन उससे बाहर से लाने को कहा। वह बाहर से इंजेक्शन खरीद कर लाए। आरोप है कि डॉक्टर ने उसकी मां को कुछ छह इंजेक्शन लगाया और उसके बाद मां को घर ले जाने कहा। अगले दिन न्यूरो के डॉक्टर के आने की बात बताई। डॉक्टर के कहने पर वह अपनी मां को लेकर घर चले गए। घर पहुंचने पर फिर मां के पैर में असहनीय दर्द होने लगा। जिसकी वजह से गाड़ी से फिर मां को जिला अस्पताल ले गए। वहां मौजूद डॉक्टर ने देखते ही मां को मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि डॉक्टर की वजह से इलाज में लापरवाही बरतने के कारण उसकी मां की मौत हुई। जिला अस्पताल आए परिजन और रिश्तेदारों ने हंगामा किया। मृतका के दामाद रामू यादव, अंजनी आदि का आरोप है कि उक्त डॉक्टर ने बाहर से भी 625 रुपये का इंजेक्शन मंगवाया और जिला अस्पताल से भी कुल मिला कर छह से अधिक इंजेक्शन लगाया। आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही की वजह से वृद्धा की मौत हुई है। इसकी शिकायत डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के अलावा डीएम, सीएमओ और सीएमएस से करेंगे। परिजनों ने बताया कि पुलिस को तहरीर दी है। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव लेकर घर चले गए।
—————————-
पीड़ित परिजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत मिलेगी तो प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि डॉक्टर या अन्य किसी स्टॉफ की लापरवाही मिलेगी तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉक्टर भवनाथ पांडेय















