गोरखपुर विश्वविद्यालय में एक अनोखा नजारा देखने को मिला निकाय चुनाव के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय में सबने मिलकर की सफाई ADM फाइनेंस की पहल पर प्रत्याशी समर्थक अधिकारी और कर्मचारियों ने किया श्रमदान
यूपी के निकाय चुनाव में पहले चरण के मतदान के बाद गोरखपुर यूनिवर्सिटी परिसर में अनोखा नजारा देखने को मिला। पोलिंग पार्टियों के रवाना होने के बाद यूनिवर्सिटी के खेल मैदान, परिसर और अन्य स्थानों पर कूड़ा कचरा बिखरा
पड़ा था।
ऐसे में शनिवार को चुनाव प्रत्याशी- समर्थक, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारियों और जागरूक संगठनों ने एक साथ मिलकर परिसर की साफ-सफाई की। निकाय चुनाव के बाद पहली बार ऐसा नजारा देखने को मिला है। स्वच्छ भारत मिशन के सपने को पूरा कर लोग विश्वविद्यालय प्रांगण में जुटे और दो घंटे श्रमदान किया।
जिला प्रशासन ने की थी पहल दरअसल, इसकी पहल गोरखपुर के ADM फाइनेंस राजेश कुमार सिंह ने की। ADM फाइनेंस और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में इस श्रमदान कार्यक्रम आयोजन किया गया।
नगर निकाय चुनाव के दौरान पोलिंग पार्टियों की रवानगी, प्रशिक्षण और अन्य गतिविधियां संचालित हुईं। ऐसे में प्लास्टिक की बोतलें, कचरा और अन्य खाद्य सामग्रियों के पैकेट की वजह से जगह-जगह गंदगी हो गई थी। परिसर की सफाई और प्लास्टिक मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने प्रत्याशी- समर्थक और शहरवासियों से श्रमदान की अपील की।
पर्यावरण के लिए हानिकारक है प्लास्टिक
नगर निगम के सुपरवाइजर कूड़ा एकत्रीकरण वाहन के साथ पहुंचे। तो वहीं आपदा मित्र, आपदा सखी और प्राधिकरण के जुड़े मास्टर प्रशिक्षकों और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भी दो घंटे श्रमदान किया।
विश्वविद्यालय प्रांगण की सफाई करते हुए ADM फाइनेंस राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कूड़ा विशेषकर प्लास्टिक पर्यावरण के लिए अत्यंत हानिकारक है। पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक का समुचित निस्तारण अति आवश्यक है।
भाजपा महापौर प्रत्याशी ने भी की सफाई
वहीं, नागरिक सुरक्षा कोर के चीफ वार्डन डॉ. संजीव गुलाटी, उप नियंत्रक सत्य प्रकाश सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे। SDRF के कंपनी कमांडर विवेकानंद 16 सदस्यों के साथ पहुंचे। NDRF के इंस्पेक्टर सुधीर कुमार 22 सदस्यों के साथ पहुंचे। भाजपा महापौर प्रत्याशी डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव भी सहयोगियों के साथ पहुंचे।














