आगामी त्यौहारों के लिए यातायात व्यवस्था पर व्हाइट हाउस में उच्च स्तरीय गोष्ठी
गोरखपुर। होली सहित आगामी त्योहारों के दौरान शहर में यातायात को सुचारु और व्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की।
गोष्ठी में त्योहारों के समय बढ़ने वाली भीड़, जुलूसों के मार्ग, प्रमुख सड़कों पर संभावित दबाव और यातायात प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना पर गहन चर्चा हुई। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि यातायात संचालन में कोई अव्यवस्था न हो, जाम की स्थिति न बने और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न उठानी पड़े। उन्होंने प्रमुख चौराहों, बाजारों और जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त बल तैनाती, वैकल्पिक रूट और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने नगर निगम की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने साफ-सफाई, बैरिकेडिंग लगाने, अतिक्रमण हटाने और आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि त्योहार सुरक्षित, शांतिपूर्ण और बिना किसी व्यवधान के संपन्न हों, इसके लिए सभी विभाग समन्वय से कार्य करेंगे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक यातायात राजकुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी कैंट, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें और जुलूसों के दौरान पुलिस के निर्देशों का सहयोग दें। सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कर त्योहारों को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।















