लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा भी हमारा ध्येय: डीआईजी नेत्र जांच शिविर में 27 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिह्नित

लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा भी हमारा ध्येय: डीआईजी

नेत्र जांच शिविर में 27 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिह्नित

गोरखपुर। एसएसबी की कंपोजिट हॉस्पिटल ने मानीराम स्थित एक विद्यालय परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया, जिसमें लगभग 72 मरीजों की आंखों की जांच की गई। इनमें से 27 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, जिन्हें ऑपरेशन के लिए चिह्नित कर लिया गया। चिन्हित मरीजों का राज आई हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराया जाएगा।

शिविर के दौरान डीआईजी डॉ. डी.के. मिश्र ने कहा, “एसएसबी अपने मूल मंत्र ‘सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व’ को साकार करते हुए देश की सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं भाईचारे की भावना को और मजबूत करते हैं।” उन्होंने बताया कि ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मृणालिनी सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की कमी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “विशेषकर महिलाएं अक्सर आंखों की समस्या को नजरअंदाज कर देती हैं। समय पर जांच और सावधानी से कई गंभीर समस्याओं को रोका जा सकता है।”

कमांडेंट डॉ. आई.एच. काजमी ने कहा कि एसएसबी के लिए लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों ही समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसे नेत्र जांच एवं उपचार शिविर भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

शिविर के सफल आयोजन में बीआरडी मेडिकल कॉलेज और राज आई हॉस्पिटल का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में सिस्टर सिंडी सिंह, प्रिया, विद्यावती, डीडी द्विवेदी, अवधेश कुमार, रुकसार, प्रधानाचार्य उमेश चौधरी, भीम सिंह, मनोज, महेंद्र, प्रेम नारायण, हरेन्द्र, प्रेमप्रदीप सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Previous articleडीएम-एसपी ने होली पर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया, सुरक्षा व्यवस्था परखी
Next articleगीडा में 70 करोड़ बकाया: 31 मार्च तक जमा न किया तो भूखंड जब्त

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here