गोरखपुर में नाबालिग का अपहरण कर मंदिर में मां-बाप के सामने भरी मांग; कार्रवाई न होने से परिजनों में आक्रोश।
उत्तर प्रदेश। गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक ने 17 वर्षीय लड़की का अपहरण कर लिया और फिर उसके माता-पिता को फोन कर मंदिर में बुलाकर उनकी बेटी से जबरन शादी कर ली। इस घटना से लड़की के माता-पिता स्तब्ध रह गए और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पीड़ित परिवार ने गोरखपुर के SSP को दिए शिकायती पत्र में बताया कि आरोपी अजय निषाद, जो पड़ोस में रहता है, ने कुछ दिन पहले उनकी बेटी का अपहरण कर लिया था। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि अजय ने लड़की को अपनी रिश्तेदारी में छिपाकर रखा था।
इसके बाद उसने लड़की के पिता को फोन कर मंदिर में मिलने के लिए बुलाया। जब लड़की के माता-पिता मंदिर पहुंचे, तो अजय ने उनकी बेटी की मांग में सिंदूर भरकर जबरन शादी करने का दावा किया।
लड़की की मां ने बताया कि इस मामले की शिकायत के बाद थाने में रिपोर्ट तो दर्ज की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। न ही आरोपी की गिरफ्तारी हुई है और न ही लड़की की बरामदगी। आरोप है कि अजय उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे रहा है, जिससे परिवार दहशत में है।
SSP ने पिपराइच पुलिस को आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और लड़की की सुरक्षित बरामदगी के निर्देश दिए हैं। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, और अब सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो यह मामला और गंभीर हो सकता है।















