दरोगा की पिस्टल से चली गोली दरोगा घायल, सिपाही की मौत।
गभाना । अलीगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सुमेरपुर के पास गोकशों की तलाश में जुटी पुलिस टीम में शामिल दरोगा के पिस्टल से चली गोली से खुद दरोगा जख्मी हो गया, जबकि एसओजी सिपाही की मौत हो गई।
यह घटनाक्रम बुधवार मध्य रात्रि उस समय हुआ जब एक दरोगा की पिस्टल कॉक करते समय लॉक हो गई। दूसरा दरोगा उसे दुरुस्त कर रहा था, तभी गोली चल गई। घायल दरोगा को नाजुक हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटनाक्रम के अनुसार, गभाना क्षेत्र में 8/9 जुलाई की रात सुमेरपुर क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में पुलिस गोकशों को तलाश रही थी। गांधीपार्क थाने में तैनात दरोगा राजीव को मुखबिर से बुधवार रात गोकशों के उसी क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इंस्पेक्टर गभाना गजेंद्र सिंह, उनके थाने की टीम, एसओजी प्रभारी संदीप टीम व गांधीपार्क थाने के दरोगा राजीव कुमार व मुखबिर देर रात गभाना पहुंचे।















