पीईटी-2026 में दोनों पालियों में 13,144 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
24 केंद्रों पर 19,488 परीक्षार्थी थे पंजीकृत, 6,344 रहे अनुपस्थित
रायबरेली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 शुक्रवार को जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हुई। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम और एसपी ने फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज, रेयान इंटरनेशनल स्कूल और राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पहली पाली में 6,622 अभ्यर्थी रहे उपस्थित
प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, प्रथम पाली में 9,744 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6,622 ने परीक्षा दी, जबकि 3,122 अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में 6,522 ने दी परीक्षा
द्वितीय पाली में भी 9,744 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6,522 उपस्थित हुए और 3,222 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 19,488 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 13,144 ने परीक्षा दी, जबकि 6,344 अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की निगरानी की। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।















