पीईटी परीक्षा केंद्रों का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
13 केंद्रों पर दो पालियों में 11,328 अभ्यर्थी पंजीकृत, 7,535 ने दी परीक्षा
भदोही। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा संचालन, परीक्षार्थियों की उपस्थिति, कक्ष व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने काशी नरेश विश्वविद्यालय, ज्ञानपुर पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि शासन और आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने पाए। परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। केंद्रों के आसपास सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त रखी जाए।
जनपद में पीईटी के लिए कुल 13 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। दोनों पालियों में कुल 11,328 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। प्रथम पाली में 5,664 में से 3,598 उपस्थित और 2,066 अनुपस्थित रहे। वहीं, द्वितीय पाली में 5,664 में से 3,937 ने परीक्षा दी, जबकि 1,727 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह दोनों पालियों में कुल 7,535 परीक्षार्थी उपस्थित और 3,793 अनुपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, जनपद में पीईटी की अगली परीक्षा एक नवंबर 2026 को आयोजित होगी।















