पीईटी की प्रथम पाली में 82.08 प्रतिशत परीक्षार्थी रहे उपस्थित
डीएम और एसपी ने तीन परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की प्रथम पाली शुक्रवार को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहली पाली में पंजीकृत 2,952 परीक्षार्थियों में से 2,423 ने परीक्षा दी। इस तरह कुल उपस्थिति 82.08 प्रतिशत रही।
परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौलाना आजाद इंटर कॉलेज खलीलाबाद, एचआर पीजी कॉलेज खलीलाबाद और पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज खलीलाबाद का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीसीटीवी और मूलभूत सुविधाओं की जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था देखी। साथ ही शुद्ध पेयजल, शौचालय और विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को शासन एवं आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार परीक्षा को शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर निगरानी रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।















