पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
एसएसपी अंकिता शर्मा ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
बदायूं। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर कर्तव्य पालन के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर शहीद जवानों को नमन किया और पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान पुलिस गार्द ने शोक शस्त्र और सलामी दी। उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी अंकिता शर्मा ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, समर्पण और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिन कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों के प्रति सम्मान प्रकट करने तथा उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करने का प्रतीक है।
अधिकारियों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव, क्षेत्राधिकारी उझानी राहुल पांडेय, क्षेत्राधिकारी दातागंज अशेषनाथ सिंह, क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव, प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।















