विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को परखने राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचीं डीएम
लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को होगा मतदान
22 अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
रायबरेली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान संबंधी तैयारियों और पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों की रवानगी, पोलिंग पार्टियों के लिए निर्धारित व्यवस्थाओं और निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि मतदान कार्मिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों का करें पालन
डीएम ने कहा कि मतदान कार्मिकों की रवानगी के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखी जाएं। निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता से करें। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए रायबरेली जनपद में 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज से रवाना होंगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















