त्योहारों पर गीडा की सौगात, 205 भूखंडों के लिए पंजीकरण 16 अक्तूबर से
144 औद्योगिक, व्यावसायिक व आवासीय भूखंडों के साथ ईडब्ल्यूएस-एलआईजी के 61 आवास भी शामिल
6 नवंबर तक करा सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण, 13 और 17 नवंबर को होगी आवंटन प्रक्रिया
गौरखपुर । दशहरा, दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने औद्योगिक विकास और आवास की सुविधा को बढ़ावा देने के लिए 205 भूखंडों व आवासीय यूनिटों की योजना शुरू की है। इसके तहत औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय श्रेणी के 144 भूखंडों के साथ ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के 61 आवासीय यूनिटों के लिए विज्ञापन जारी किया गया है।
ईडब्ल्यूएस आवास की अनुमानित कीमत 5.13 लाख रुपये और एलआईजी आवास की कीमत 10.53 लाख रुपये प्रति यूनिट निर्धारित की गई है। ये आवास गीडा क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रस्तावित हैं। इससे श्रमिक अपने परिवार के साथ कार्यस्थल के नजदीक रह सकेंगे।
16 अक्तूबर से शुरू होगा पंजीकरण
योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 16 अक्तूबर से शुरू होकर छह नवंबर तक चलेगा। औद्योगिक भूखंडों के आवंटन के लिए 17 नवंबर को सुबह 11 बजे गीडा सभागार में साक्षात्कार होगा। वहीं, व्यावसायिक भूखंडों का ई-ऑक्शन और आवासीय भवनों का आवंटन ई-लॉटरी के माध्यम से 13 नवंबर को किया जाएगा। व्यावसायिक भूखंडों के लिए इच्छुक उद्यमी और व्यवसायी आवेदन कर सकेंगे।
गीडा के सीईओ विशाल कुमार ने बताया कि त्योहारों के अवसर पर शुरू की गई यह योजना औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ श्रमिकों को किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।















