‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान में वाहनों की सघन चेकिंग
महिला और आमजन की सुरक्षा पर जोर, नशे में ड्राइविंग और मॉडिफाइड साइलेंसर समेत कई बिंदुओं पर जांच
संतकबीरनगर। महिला और आमजन की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने साप्ताहिक विशेष चेकिंग अभियान ‘मीट एंड ग्रीट’ चलाया। यातायात प्रभारी खलीलाबाद परमहंस के नेतृत्व में टीम ने वाहनों की सघन जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की।
अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, एचएसआरपी नंबर प्लेट की अनुपस्थिति, फटी या दोषपूर्ण नंबर प्लेट और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की विशेष रूप से जांच की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे में वाहन न चलाने और जरूरी दस्तावेज व नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के लिए जागरूक किया। टीम ने वाहन चालकों से संवाद कर यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं और सुझावों की जानकारी भी ली।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, एएसपी सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और सीओ यातायात अमित कुमार के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया गया। पुलिस ने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील की।















