गांधी-शास्त्री के आदर्शों से जनसेवा का संकल्प
डीएम दीपक मीणा ने किया ध्वजारोहण, महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि; पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गोरखपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में श्रद्धा और देशभक्ति के माहौल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और जनसेवा को जीवन का आधार बनाया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम की। उनके विचार आज भी समाज और प्रशासन के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से इन आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक दायित्व केवल सरकारी कार्यों के निष्पादन तक सीमित नहीं है। आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करना और पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी जरूरी है। गांधी जयंती पर स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों ने सहभागिता की। बच्चों के बीच उपहार वितरित किए गए। महात्मा गांधी के प्रिय भजनों और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों ने समारोह में श्रद्धा और राष्ट्रप्रेम का माहौल बनाया।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसीएम द्वितीय मुकुल खंडेलवाल, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, सीआरओ हिमांशु वर्मा, एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसडीएम प्रेम नारायण, एसडीएम आनंद कटारिया, एसडीएम आरती साहू समेत कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















