बुलेट से लखनऊ ले जा रहा था 21.4 किलो गांजा, गिरफ्तार
पुलिस का दावा- बिहार निवासी आरोपी पर पहले से 18 मुकदमे, बाइक और 3500 रुपये नकद बरामद
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 21 किलो 400 ग्राम गांजा के साथ बिहार निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल से गांजा लेकर लखनऊ बेचने जा रहा था। उसके कब्जे से बुलेट और 3500 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न जिलों में पहले से 18 मुकदमे दर्ज हैं।
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राज शेखर पाण्डेय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे और एसओजी प्रभारी रजनीश राय के नेतृत्व में टीम ने 26 सितंबर की रात करीब 12:04 बजे ग्राम नौहट के पूरब आम की बगिया के पास सुनसान सड़क पर घेराबंदी की। यहां गांजा ले जाने के आरोप में चन्द्रभूषण सिंह पुत्र जितेन्द्र सिंह निवासी छित्तनपुर, थाना असांव, जिला सिवान, बिहार को गिरफ्तार किया गया।
बोरे में गांजा रखकर ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बुलेट सिवान के एक व्यक्ति से खरीदी थी और इसी से गांजा पहुंचाने का काम करता था। पुलिस का कहना है कि बरामद गांजा बोरे में रखा था और उसे लखनऊ ले जाया जा रहा था। आरोपी इससे पहले भी इसी रास्ते से कई बार गांजा लेकर आने-जाने की बात स्वीकार कर चुका है। कोतवाली खलीलाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बलिया से गोरखपुर तक दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ बलिया, देवरिया और गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार तिवारी, शैलेन्द्र कुमार, धर्मनाथ यादव समेत कोतवाली पुलिस के जवान और एसओजी प्रभारी रजनीश राय, हेड कांस्टेबल अनुप कुमार राय, धनंजय श्रीवास्तव व विवेक राय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।















