चलती बाइक पर गिरा विशालकाय पेड़, सफाईकर्मी की मौत पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग पर पिडवा गांव के सामने हादसा, गैस सिलेंडर लेकर घर लौट रहे थे गनीराम

चलती बाइक पर गिरा विशालकाय पेड़, सफाईकर्मी की मौत

पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग पर पिडवा गांव के सामने हादसा, गैस सिलेंडर लेकर घर लौट रहे थे गनीराम

संतकबीरनगर। तेज बारिश और हवाओं के बीच शनिवार सुबह पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग पर दर्दनाक हादसा हो गया। दुधारा थाना क्षेत्र के पिडवा गांव के सामने बाइक से घर लौट रहे सफाईकर्मी गनीराम (45) के ऊपर अचानक विशालकाय पेड़ गिर गया। गंभीर रूप से घायल गनीराम को सीएचसी सेमरियावां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र के बांसखोर गांव निवासी गनीराम पुत्र सुखदेव साऊंघाट ब्लॉक के सेमरा गांव में सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे। शनिवार सुबह वह घर से रसोई गैस सिलेंडर भरवाने के लिए करही स्थित इंडेन गैस एजेंसी गए थे। सिलेंडर लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। सुबह करीब 10 बजे पिडवा गांव के सामने पहुंचते ही तेज हवा के बीच सड़क किनारे खड़ा एक विशालकाय पेड़ अचानक उनकी बाइक पर गिर गया।

पेड़ के नीचे दबे, स्थानीय लोग मदद को दौड़े

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दुधारा थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से गनीराम को सीएचसी सेमरियावां पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर खलीलाबाद के तहसीलदार अनुराग यादव भी सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

गनीराम की मौत की सूचना गांव और घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वह अपने पीछे पत्नी निशा देवी, तीन पुत्रियों और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। इनमें एक पुत्र और एक पुत्री का विवाह हो चुका है। अचानक हुए हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Previous articleआफत की बारिश से खलीलाबाद बेहाल, सड़कें बनीं तालाब आजाद चौक से गोला बाजार और बैंक चौराहे तक जलभराव, आवागमन प्रभावित; पानी निकालने में जुटी पालिका की टीम
Next articleबुलेट से लखनऊ ले जा रहा था 21.4 किलो गांजा, गिरफ्तार पुलिस का दावा- बिहार निवासी आरोपी पर पहले से 18 मुकदमे, बाइक और 3500 रुपये नकद बरामद

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here