मतपेटियों से मतगणना तक तैयारी रखें दुरुस्त : डीएम
शिक्षक निर्वाचन को लेकर नोडल अधिकारियों संग बैठक, छोटी से छोटी कमी तत्काल दूर करने के निर्देश
गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों को लेकर डीएम दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट सभागार में नोडल, प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक की। मतदान से लेकर मतगणना तक की व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा कर सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
मतपेटियों की बारीकी से करें जांच
डीएम ने मतपेटियों की स्थिति, सीलिंग और निर्वाचन सामग्री की जांच पहले ही पूरी करने को कहा। छोटी से छोटी कमी मिलने पर उसे तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के दौरान कोई व्यवधान न आए।
कार्मिकों का समय से पूरा हो प्रशिक्षण
मतदान कार्मिकों की नियुक्ति, माइक्रो ऑब्जर्वर तथा सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती व प्रशिक्षण की समीक्षा की गई। इसकी जिम्मेदारी सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी को सौंपी गई है। यातायात और रूट चार्ट भी समय से तैयार करने को कहा गया।
सीसीटीवी-वेबकास्टिंग से रहेगी निगरानी
नामांकन और मतगणना स्थल पर बैरिकेडिंग, प्रकाश, सुरक्षा, वीडियोग्राफी, सीसीटीवी और वेबकास्टिंग की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन संबंधी शिकायतों का भी समयबद्ध निस्तारण होगा।
24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा को कंट्रोल रूम का चौबीस घंटे संचालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है। सीएमओ डॉ. राजेश झा मतदान कार्मिकों के लिए मेडिकल किट और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था देखेंगे।
मतदान केंद्रों पर पूरी हों मूलभूत सुविधाएं
मतदेय स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और शौचालय समेत सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि मतदान से पहले व्यवस्थाओं का परीक्षण कर हर कमी दूर करा ली जाए।















