संपूर्ण समाधान दिवस में 81 मामले, छह का मौके पर निस्तारण
डीएम ने अधिकारियों को दिए स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
बस्ती। तहसील बस्ती सदर में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। डीएम ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एक-एक कर सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि समाधान दिवस में कुल 81 मामले प्राप्त हुए, जिनमें छह का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व और पूर्ति विभाग के 20-20, पुलिस के 15, विद्युत के तीन, चकबंदी के तीन और अन्य विभागों के 20 मामले शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और जरूरत के अनुसार स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निस्तारण की आख्या समय से पोर्टल पर अपलोड करने और शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए थाना प्रभारियों को शिकायतों का तत्परता से निस्तारण कराने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से थानों और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
डीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य जनता की समस्याओं का एक ही छत के नीचे समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इस दौरान सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डीडीओ सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप कृषि निदेशक अशोक कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।















