तहसील समाधान दिवस में मंडलायुक्त और डीआईजी ने सुनीं समस्याएं
राजस्व और भूमि विवादों में संयुक्त टीम भेजकर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
बस्ती। तहसील हरैया में शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में मंडलायुक्त बस्ती मंडल वैभव श्रीवास्तव और डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से लिया जाए। खासकर राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर निर्धारित समयसीमा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने भी शिकायतों के निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस में क्षेत्राधिकारी हरैया, एसडीएम हरैया, तहसीलदार हरैया समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















