खड़ेसरी में डीएम की चौपाल, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
विधायक राजेश त्रिपाठी के साथ पहुंचे दीपक मीणा, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश; बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी लिया जायजा
गोरखपुर। तहसील गोला के ग्राम सभा खड़ेसरी में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी के साथ चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, जल निकासी, विकास कार्यों और अन्य स्थानीय समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं के समाधान की स्थिति पूछते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ समय से दिलाने के साथ गांव में मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
विधायक राजेश त्रिपाठी ने भी ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं से डीएम को अवगत कराया। उन्होंने विकास कार्यों के साथ बाढ़ की आशंका वाले गांवों में सुरक्षा और राहत तैयारियों को मजबूत रखने पर जोर दिया।
बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण
चौपाल के बाद डीएम ने गोला क्षेत्र में नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलस्तर की स्थिति और प्रशासन की तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने तथा जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि राहत शिविरों, भोजन, पेयजल, दवाइयों और पशुओं के चारे समेत जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रहे। राजस्व, सिंचाई, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग आपसी समन्वय से काम करें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम गोला मनीष कुमार सहित तहसील प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।















