सेवा संकल्प अभियान में विभागवार तय हुई जिम्मेदारी
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, सीएम योगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से दिए निर्देश
गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला स्तर से लेकर ग्राम पंचायत, ब्लॉक, नगरीय निकाय और बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय करते हुए अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी बनाते हुए सभी विभागों के बीच समन्वय, कार्ययोजना तैयार कराने और नियमित समीक्षा की जिम्मेदारी सौंपी। सीडीओ ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर पर स्वच्छता, श्रमदान, पौधरोपण और विकास गतिविधियों की निगरानी करेंगे। शिक्षा विभाग स्कूल-कॉलेजों में ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण और निबंध जैसी प्रतियोगिताएं कराएगा।
नगरीय निकायों को स्वच्छता और कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्था, जबकि स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविरों की जिम्मेदारी दी गई है। 17 सितंबर को रक्तदान व स्वच्छता अभियान के साथ प्रत्येक बूथ पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। संस्कृति विभाग ‘नमो सेवा गाथा’, नुक्कड़ नाटक समेत सांस्कृतिक कार्यक्रम कराएगा।
अभियान के दौरान पात्र और वंचित लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी विशेष जोर रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंदों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने का माध्यम बने।
गोरखपुर में मंडलायुक्त सभागार में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, सरवन निषाद, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ला, मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, डीएम दीपक मीणा समेत जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद मंडलायुक्त और डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए।















