बुजुर्गों का सम्मान, अनुभव और संस्कारों को सलाम
सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर में स्वास्थ्य परीक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह
गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नगर निगम के सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर में वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र समर्पण समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी दीपक मीणा और नगर आयुक्त अजय जैन ने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह प्रमुख आकर्षण रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति समाज में सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना तथा उन्हें सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना रहा। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में बुजुर्गों की जांच की गई और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर आवश्यक जानकारी दी गई। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
डीएम दीपक मीणा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके पास जीवन का व्यापक अनुभव, ज्ञान और संस्कार हैं, जिनसे नई पीढ़ी को सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की गरिमा और सम्मान बनाए रखना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन उन्हें सामाजिक रूप से सक्रिय रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को ऐसा बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे आपस में संवाद कर सकें, अपनी रुचियों की गतिविधियों में शामिल हों और सामाजिक रूप से सक्रिय बने रहें। नगर निगम उनकी जरूरतों और सुविधाओं के अनुरूप व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास कर रहा है।
समारोह में वरिष्ठ नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष परिवार, समाज और देश के निर्माण में लगाए हैं। उनके अनुभवों को सम्मान देना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़े रखना सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम में नगर निगम की उप सभापति पूनम सिंह, पूर्व विधायक शीतल पांडेय, पूर्व महापौर सीताराम जायसवाल, पूर्व महापौर सत्या पाण्डेय, पूर्व महापौर अंजू चौधरी, पार्षद अजय राय और अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार समेत अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।















