शहर में दो नए वेंडिंग जोन बनेंगे, पथ विक्रेताओं का होगा पुनः सर्वे
धर्मशाला अंडरपास और असुरन पुल के पास विकसित होंगे वेंडिंग जोन, शास्त्री चौक में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
गोरखपुर। शहर की बढ़ती आबादी और विस्तारित शहरी सीमा को देखते हुए नगर निगम पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित करने की तैयारी में जुट गया है। बुधवार को नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त अजय जैन की अध्यक्षता में पथ विक्रय समिति की बैठक हुई। इसमें दो नए स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्णय लिया गया।
निर्णय के अनुसार धर्मशाला अंडरपास स्थित शौचालय से रेलवे की बाउंड्री के पास और असुरन पुल से राजकीय पॉलिटेक्निक तक वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। दोनों स्थानों पर पहले से दुकान लगाने वाले पथ विक्रेताओं का पुनः सर्वे कराया जाएगा। सर्वे में निर्धारित प्रारूप पर विक्रेताओं का पूरा विवरण दर्ज किया जाएगा, ताकि पात्र पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित तरीके से वेंडिंग जोन में स्थान उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में शास्त्री चौक स्थित वेंडिंग जोन में पथ विक्रेताओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी प्राथमिकता दी गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने किया। इसमें गोरखपुर विकास प्राधिकरण, यातायात पुलिस, आवास विकास परिषद, परिवहन विभाग, जीडीए, लोक निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग, लीड बैंक और नगर निगम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में पार्षद रंजुला रावत के प्रतिनिधि राधेश्याम रावत, पार्षद जियाउल इस्लाम, पटरी व्यापारी पार्टी के अध्यक्ष सुधीर कुमार झा, कल्याण संघ के अध्यक्ष शमीम एजाज तथा डूडा के शहर मिशन प्रबंधक समेत अन्य संबंधित प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।















