ऑनलाइन गेम के लिए रची अपहरण की कहानी, एआई फोटो भेजकर मांगी एक लाख की फिरौती
सिकरीगंज पुलिस ने दो घंटे में बालक को सकुशल बरामद किया, पूछताछ में सामने आई पूरी सच्चाई
गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र में एक बालक के कथित अपहरण और एक लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने महज दो घंटे में खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि ऑनलाइन गेम में रुपये लगाने के लिए बालक ने खुद के अपहरण की झूठी कहानी रची थी। उसने एआई की मदद से तैयार की गई तस्वीरें अपने पिता के मोबाइल पर भेजकर अपहरण का भ्रम पैदा किया और एक लाख रुपये की फिरौती मांगी।
पुलिस के अनुसार, सिकरीगंज क्षेत्र के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसका भांजा घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा है। इसी दौरान बालक के मोबाइल से उसके पिता के मोबाइल पर कुछ तस्वीरें भेजी गईं और एक लाख रुपये की मांग की गई। अपहरण और फिरौती की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सिकरीगंज आशीष कुमार दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। पुलिस ने बालक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची। तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के आधार पर पुलिस ने महज दो घंटे में बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बालक ने बताया कि वह ऑनलाइन गेम खेलने का आदी है और गेम में रुपये लगाने के लिए उसे पैसों की जरूरत थी। इसी के लिए उसने अपने अपहरण की कहानी गढ़ी। एआई की मदद से ऐसी तस्वीरें तैयार कराईं, जिनसे उसके अपहरण का भ्रम पैदा हो सके। इसके बाद तस्वीरें पिता को भेजकर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।
बालक के सकुशल बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे नियमानुसार परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली।















