बस्ती में शुरू हुई गोरखपुर जोन की 51वीं अंतरजनपदीय शूटिंग प्रतियोगिता एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने किया शुभारंभ, 3 अगस्त तक चलेगी प्रतियोगिता

बस्ती में शुरू हुई गोरखपुर जोन की 51वीं अंतरजनपदीय शूटिंग प्रतियोगिता

एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने किया शुभारंभ, 3 अगस्त तक चलेगी प्रतियोगिता

बस्ती। गोरखपुर जोन की 51वीं अंतरजनपदीय शूटिंग स्पोर्ट्स एवं रायफल/रिवाल्वर/पिस्तौल शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को जनपद बस्ती में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने अलार्म एफिशिएंसी रेस ग्राउंड, मिनी पुलिस लाइन में फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही महिला एवं पुरुष वर्ग की अलार्म एफिशिएंसी रेस भी शुरू हुई।

यह प्रतियोगिता 31 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसमें गोरखपुर जोन के विभिन्न जनपदों से आए पुलिस बल के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभागी रायफल, रिवाल्वर, पिस्तौल शूटिंग के साथ-साथ अलार्म एफिशिएंसी रेस में भी अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता के पहले दिन पुलिसकर्मियों ने शानदार फिटनेस और अनुशासन का परिचय दिया। अलार्म एफिशिएंसी रेस के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न बाधाओं को पार करते हुए निर्धारित लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाया। रस्सी पर संतुलन, ऊंची कूद, फील्ड क्राफ्ट तथा आवासीय क्षेत्र में तलाशी एवं घेराबंदी का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। मैदान में खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पुलिस बल की कार्यकुशलता, शारीरिक क्षमता और पेशेवर दक्षता को और मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 3 अगस्त 2026 को शाम 4:30 बजे पुलिस लाइन, बस्ती में आयोजित होगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी होंगे।

उद्घाटन समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, एआरटीओ माला बाजपेई, क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन कुलदीप सिंह यादव, प्रतिसार निरीक्षक ब्रजेश कुमार पटेल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पुलिस लाइन में सुरक्षा, आवास और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Previous articleनशा तस्करी और अपराध नियंत्रण को लेकर प्रशासन सख्त, कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने विभिन्न विभागों को संयुक्त अभियान चलाने के दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here