श्रावण मास की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, शिव मंदिरों का किया निरीक्षण
कोपिया, झरखंडी और बाबा कुबेरनाथ मंदिर पहुंचे अधिकारी, कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा व सुविधाओं के दिए निर्देश
संतकबीरनगर। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को संयुक्त रूप से मेहदावल तहसील क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कोपिया शिव मंदिर, गावकली स्थित झरखंडी शिव मंदिर तथा बाबा कुबेरनाथ शिव मंदिर, बखिरा पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, कांवड़ यात्रियों के आवागमन मार्ग, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।
अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने, सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखें। उन्होंने कांवड़ यात्रियों के आवागमन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित निगरानी तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवालयों में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।















