54 विद्यालयों में स्थापित होंगी व्यावसायिक लैब, 2.70 करोड़ रुपये के उपकरण क्रय को मंजूरी
सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी की अध्यक्षता में जनपदीय क्रय समिति की बैठक, छात्रों को मिलेगा आधुनिक कौशल प्रशिक्षण
गोरखपुर। केन्द्र पोषित रिवाइज्ड व्यावसायिक शिक्षा योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में चयनित विद्यालयों में व्यावसायिक लैब स्थापित करने के लिए जनपदीय क्रय समिति की महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी ने की। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि जनपद के 9 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों एवं 45 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों सहित कुल 54 विद्यालयों में आधुनिक व्यावसायिक लैब स्थापित की जाएंगी। इसके लिए समग्र शिक्षा (माध्यमिक) की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट 2025-26 के अंतर्गत अनावर्तक मद में धनराशि स्वीकृत की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने समिति को जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक विद्यालय में दो-दो ट्रेड के अनुरूप लैब उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रति विद्यालय प्रति ट्रेड 2.50 लाख रुपये की दर से कुल 108 ट्रेडों के लिए 2.70 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन लैबों के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें भविष्य में स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
बैठक में क्रय प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों से कहा गया कि सभी विद्यालयों में निर्धारित समय सीमा के भीतर लैब स्थापना का कार्य पूरा कराया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को आधुनिक उपकरणों के माध्यम से व्यावसायिक प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी, उपायुक्त उद्योग, वित्त एवं लेखाधिकारी सहित विभिन्न राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराने का भरोसा दिलाया।















