गोरखपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, 41 पुलिसकर्मियों के तबादले
निरीक्षक से लेकर उपनिरीक्षक तक को नई जिम्मेदारियां, कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की कवायद
गोरखपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 41 पुलिसकर्मियों के तबादले के आदेश जारी किए। इस फेरबदल में निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक सहित कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक अजय कुमार मिश्र को पुलिस लाइन से प्रभारी मीडिया सेल बनाया गया है, जबकि निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी को मीडिया सेल से साइबर थाना भेजा गया है। निरीक्षक राजेश कुमार यादव को थाना शाहपुर, विमलेश कुमार सिंह को थाना कैंट तथा जंगबहादुर सिंह यादव को थाना गगहा में अतिरिक्त निरीक्षक (अपराध) के पद पर तैनाती दी गई है। वहीं निरीक्षक भूपेंद्र कुमार दुबे को जनसुनवाई सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उपनिरीक्षक स्तर पर भी व्यापक बदलाव किया गया है। पुलिस लाइन से कई दरोगाओं को विभिन्न थानों में नई तैनाती दी गई है। इनमें अनूप मणि त्रिपाठी को शाहपुर, संजय सिंह चंदेल व संजय गौतम को कैंपियरगंज, शुभम सिंह को गुलरिहा, अजीत कुमार को खजनी, सनी वर्मा को बेलीपार, सुरेंद्र प्रताप चौधरी को कैंपियरगंज, राजेश कुमार को उरुवा बाजार, धर्मेंद्र कुमार मिश्र को एम्स चौकी, सुनील कुमार व राम रतन सिंह को बेलघाट, प्रभात कुमार यादव को गगहा तथा शिवांश कांत तिवारी को गीडा थाना भेजा गया है।
इसके अतिरिक्त जय प्रकाश सिंह यादव को कैंपियरगंज, चंद्रेश यादव एवं अरविंद सिंह यादव को पीपीगंज, महेंद्र प्रताप सिंह को बांसगांव, नरेंद्र कुमार पटेल को सहजनवा, प्रवीण कुमार सिंह को पिपराइच, विपिन सिंह को खजनी, राम सजीवन निषाद को झंगहा तथा महिला उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्य को थाना शाहपुर में नई तैनाती दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि यह प्रशासनिक फेरबदल पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।















